युवक की तेजधार हथियार से हत्या कर झाड़ियों में फेंका शव
झज्जर बाईपास पर युवक की बेरहमी से हत्या, जांच में जुटी पुलिस
रोहतक (सच कहूँ न्यूज)। Rohtak News: झज्जर बाईपास के पास सड़क किनारे झाडियों में एक युवक का शव संदिगध परिस्थितियों में पड़ा हुआ मिला है। युवक की तेजधार हथियार से बेहरमी से हत्या की गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया। डीएसपी व एफएसएल की टीम ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। घटना स्थल से पुलिस को शराब की खाली टूटी हुई बोतले भी मिली है।
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह झज्जर बाईपास के पास सड़क किनारे झाडियों में राहगीरों ने एक युवक का शव लहुलुहान हालत में पड़ा देखा। घटना के बाद काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। इसी बीच सूचना मिलने पर शिवाजी कालोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इस बारे में पता किया। मृतक की जेब से मिले कागजातों के आधार पर शव की पहचान रामनगर निवासी मोहित के रूप में हुई।
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। परिजनों ने बताया कि मोहित आर्य नगर स्थित एक ढाबे पर काम करता था। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मोहित की गर्दन व पेट में तेज धार हथियार से हमला किया गया है, जिससे उसकी मौत हुई है।
पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगालने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।