खिलाड़ियों के लिए 3 माह का समर स्पोर्ट्स कैंप शुरू
खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा
Summer Sports Camp: श्री गुरुसार मोडिया। श्री गुरुसार मोडिया स्थित शाह सतनाम जी गर्ल्स कॉलेज में खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास हेतु 27 अप्रैल से 3 माह का समर स्पोर्ट्स कैंप प्रारम्भ किया गया। इस कैंप का आयोजन कॉलेज की स्पोर्ट्स कमेटी एवं आईक्यूएसी (Internal Quality Assurance Cell) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कैंप के दौरान छात्राओं को विभिन्न खेलों जैसे हैंडबॉल, वेटलिफ्टिंग, पावरलिफ्टिंग, ताइक्वांडो, जूडो, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स आदि का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में खेल भावना को विकसित करना तथा उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
कॉलेज प्रशासन द्वारा खिलाड़ियों के लिए विशेष पौष्टिक आहार की व्यवस्था भी की गई है। साथ ही राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति एवं शुल्क में छूट प्रदान की जाएगी। प्रतिभागियों को आवश्यक स्पोर्ट्स किट भी उपलब्ध करवाई जाएगी। कॉलेज प्रशासन ने क्षेत्र की छात्राओं से आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। श्री गुरुसार मोडिया क्षेत्र की 12वीं उत्तीर्ण छात्राओं से आग्रह है कि वे कॉलेज में प्रवेश लें तथा समर स्पोर्ट्स कैंप में भाग लेकर इसका अधिकतम लाभ उठाएं।