झमाझम बरसे, ओलों की भी बारिश

Published On

गर्मी से मिली राहत, आज से मौसम साफ रहने का पूवार्नुमान

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। इलाके में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन मौसम का मिजाज बदला-बदला सा रहा और तेज हवाओं के साथ प्री-मानसून की झमाझम बारिश हुई। कई जगह बेर के आकार के ओले भी गिरे। करीब आधा घंटा बारिश के चलते गलियों में पानी बहने लगा। सड़कों के किनारे व निचले इलाकों में पानी भर गया। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं तापमान गिरने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। इससे पहले गुरुवार सुबह से ही आसमान बादलों से ढका रहा तथा ठंडी हवाएं चली। फिर दोपहर करीब एक बचे अचानक मौसम में बदलाव आया और मेघ गर्जन व तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। कई जगह कुछ देर ओले भी गिरने के समाचार हैं। तेज हवाएं चलने से कई जगह दुकानों के बाहर लगे होर्डिंग-बैनर उखड़ गए।

शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में लाइन में फाल्ट आने से विद्युत आपूर्ति भी ठप हो गई

कई जगह विद्युत व हाईमास्ट पोल झुक गए। इन्हें विद्युत विभाग के कर्मचारी सीधे करने में जुटे रहे। कई इलाकों में शाम तक विद्युत आपूर्ति सुचारू हो पाई। उधर, बारिश से मौसम सुहावना हो गया। इससे पहले बुधवार को भी क्षेत्र में हल्की बारिश हुई थी। हालांकि अधिकतर जून के माह में लोग भीषण गर्मी में परेशान रहते हैं। लेकिन इस बार मौसम की मेहरबानी से तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हो पाई। जून बीतने को है और कुछ दिनों के अंतराल में ही कई बार बारिश हो चुकी है। पूर्व में भी ओले गिरे थे। उधर, गुरुवार को हुई बारिश से फसलों को भी फायदा होगा।

शुक्रवार से राजस्थान में मौसम अपेक्षाकृत साफ हो जाएगा

इस कारण नरमा व धान उत्पादक किसानों के चेहरे खिले नजर आए। गौरतलब है कि मौसम विज्ञान केन्द्र की ओर से गुरुवार को पश्चिम राजस्थान के हनुमानगढ़ सहित अन्य जिलों में मेघगर्जन व वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने व बारिश होने की संभावना जताई गई थी। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से राजस्थान में मौसम अपेक्षाकृत साफ हो जाएगा। इसका असर कम से कम तीन से चार दिन जारी रहेगा। विभाग के अनुसार प्रदेश में दक्षिण पश्चिम मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts