भारी बारिश से देश के कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात

Published On

नई दिल्ली (सच कहूँ डेस्क)। देश के कई राज्यों में लगातार तीन दिन से भारी बारिश हो रही है, जिससे नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। लोगों के घरों में पानी घुस गया है। बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इसके चलते लोगों की जान भी गई है। हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, यूपी, दिल्ली समेत अन्य राज्यों में लगातार बारिश हो रही है। वहीं ओडिशा में भारी बारिश के चलते लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं और 12 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

उधर हिमाचल, गुजरात, बिहार, यूपी कर्नाटक, महाराष्टÑ समेत कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। हिमाचल में तो भारी बारिश और भूस्खलन से कई इलाकों में तो सड़के जाम हो गई है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। वहीं गुजरात में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। गुजरात के नए निर्वाचित मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने राज्यों में बाढ़ के हालात पर चर्चा भी की है।

भूस्खलन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में आज सुबह भूस्खलन की चपेट में आने से एक नेपाली मजदूर की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गये। मृतक की पहचान धन बहादुर (नेपाल )के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे के आसपास भूस्खलन होने से यह तीनों उसकी चपेट में आ गए। इस दौरान धन बहादुर की तो मौके पर ही मौत हो गई जबकि घायल दो महिलाओं को इलाज के लिए रिकांगपिओ लाया गया है जहां उनका उपचार जारी है। राष्ट्रीय राजमार्ग 5 जगह -जगह भूस्खलन से बुरी तरह प्रभावित है। स्पीति के कुंजुम में बर्फबारी हुई । बारिश से नदी नाले उफान पर है। कई सड़कें बन्द है।

 

rain

भारी बारिश से रोहड़ू सब डिवीजन में तंगुणु-जंगलिक पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। जहां वाहनों की आवाजाही बन्द कर दी गई है। किन्नौर के उरनी ढांक से लगातार पुल पर पत्थर गिर रहे हैं। जिसकी वजह से पुल क्षतिग्रस्त हो गया। एनएच 5 में बने इस पुल के क्षतिग्रस्त होने से पुल को सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। इसी तरह पागल नाले का मलबा लगातार आ रहा है। जिसकी वजह से सड़क बन्द पड़ी है। उधर शोघी-मैहली बायपास में ब्युलिया के पास भूस्खलन आने से ये सड़क भी बन्द हो गई है। हिमाचल में लगातार हो रही बारिश परेशानी का सबब बनी हुई है। कई सड़कें लैंड स्लाइड के कारण बन्द पड़ी हैं। जिससे सेब बागवानों के साथ अन्य लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सरकार बारिश से प्रभावित फसलों के लिये गिरदावरी कराये: सैलजा

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने हरियाणा सरकार से प्रदेश में बारिश के कारण बर्बाद हुई फसलों की विशेष गिरदावरी करवाकर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की है। सुश्री सैलजा ने कहा है कि बारिश के कारण प्रदेश में कपास, धान, ग्वार, मूंगफली समेत अन्य फसलें पूरी तरह तबाह हो चुकी हैं। कई फसलों की बारिश के कारण गुणवत्ता भी गिर गई है और पैदावार भी कम होने का अंदेशा है। सरकार को ऐसी फसलों की भी गिरदावरी कराकर तुरंत मुआवजा प्रदान करना चाहिये।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts