CSC Center News: सीएम फ्लाइंग ने दो सीएससी सेंटरों पर की छापेमारी

Published On

कई जिलों के नागरिकों के आधार कार्ड, वोटर कार्ड मिले

  • फर्जी पेंशन रैकेट का खुलासा

बरवाला (सच कहूँ/कुलदीप स्वतंत्र)। CSC Center News: हिसार जिले के बरवाला उपमंडल के गांव बनभौरी में सोमवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने दो अटल सेवा केंद्र (सीएससी सेंटर) पर छापेमारी कर फजीर्वाड़े का बड़ा खुलासा किया। यह सेंटर प्रवेश सेंटर व मां भगवती अटल सेवा केंद्र के नाम से संचालित हो रहे थे। कार्रवाई का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग की इंचार्ज सुनैना ने किया, उनके साथ स्थानीय पुलिस भी मौजूद थी। इस मामले में बरवाला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कर दी गई है। Barwala News

सीएम फ्लाइंग को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों सेंटर में दस्तावेजों में हेरफेर कर अपात्र लोगों को वृद्धावस्था पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलवाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद सोमवार को छापेमारी की गई। प्रवेश सीएससी सेंटर की जांच की गई तो पाया कि कम्प्यूटर से डाक्यूमेंट्स में एडिटिंग की जा रही थी। वहां से कुछ कागज बरामद हुए, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया।

सीएम फ्लाइंग इन्चार्ज सुनैना ने बताया कि उसके बाद बनभौरी गांव में ही दूसरे मां भगवती अटल सेवा केंद्र की जांच करने पहुंचे तो सेंटर संचालक फरार मिला। उसके बाद गांव की ग्राम पंचायत व गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में सेंटर के अंदर जाकर टीम ने जांच की। इस मां भगवती अटल सेवा केंद्र के अंदर टीम को कई जिलों के आधार कार्ड, वोटर कार्ड, स्कूलों के एसएलसी प्रोफॉर्मा, जाली स्कूल मुहरें और फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए।

छापेमारी के दौरान मां भगवती अटल सेवा केंद्र में हिसार, हांसी, जींद, कैथल, करनाल और रोहतक जिलों के नागरिकों के दस्तावेज मिलने से यह आशंका जताई जा रही है कि यह एक बड़े और संगठित रैकेट का हिस्सा है, जो हरियाणा के कई जिलों में फैला हो सकता है।

फजीर्वाड़े का तकनीकी पहलू भी सामने आया | Barwala News

सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना ने बताया कि सेंटर में दस्तावेजों की डिजिटल एडिटिंग कर अपात्र लाभार्थियों के नाम पर पेंशन और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलवाया जा रहा था। इससे सरकार को राजस्व की भारी हानि हो रही थी। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में बड़े पैमाने पर फजीर्वाड़े के सबूत मिले हैं और संभावना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें:– ‘शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर होगी कार्यवाही’

About The Author

Related Posts