शिक्षा और रोजगार
अब पंचायत का हिसाब-किताब रखेंगे बीडीपीओ
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया ऐलान
- पहले ग्राम सचिव के पास थी जिम्मेवारी | Manohar Lal
यमुनानगर (सच कहूँ/लाजपत राय)। मुख्यमंत्री (Manohar Lal) ने जनसंवाद कार्यक्रम में यह ऐलान किया कि भविष्य में पंचायतों का हिसाब-किताब खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को रखना होगा, जबकि इससे पहले ग्राम सचिव देखता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने पंचायतों की कार्य प्रणाली को पारदर्शी बनाया है, इसलिए ग्राम सचिव के साथ-साथ बीडीपीओ के पास पंचायत का लेखा जोखा होना जरूरी है। अहम पहलु यह है कि उनके पास खुद प्रदेश की 6500 पंचायतों का लेखा जोखा हर समय रहता है।
मौके पर बनी बुजुर्गों की पेंशन और पात्रों के बीपीएल कार्ड
जनसवांद कार्यक्रम उन लोगों के लिए आशा की किरण लेकर आया जो वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना में नाम शामिल करवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटकर परेशान हो गए थे। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार एक विशेष काउंटर लगाया गया, जहां पर सम्बन्धित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहते हैं और परिवार पहचान पत्र के डाटा से मिलान कर मौके पर ही वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना में नाम शामिल होने का प्रमाण पत्र बनाते हैं।
इसके बाद मुख्यमंत्री अपने हाथों से लाभार्थी को देते हैं। आज भी बकाना गांव के माया राम सैनी, नसीबो देवी, मांगा राम व अंजु बाला को मौके पर ही बनाए गए प्रमाण पत्र मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए। साथ ही मुख्यमंत्री ने पृथ्वी सिंह, प्रितो, प्रेमचंद, शिकला और शक्ति का बीपीएल राशन कार्ड बनवाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम दिव्यांगजनों को ट्राईसाईकिल व कान की मशीनें वितरित की।
रादौर विधानसभा की सड़कों पर खर्च होंगे 25 करोड़ | Manohar Lal
सीएम ने गांव बकाना के लोगों को ग्राम सचिवालय, लाईब्रेरी, महात्मा गांधी बस्ती में टयूब्वैल, बिजली की तारों को ठीक करने, बकाना से पलाका तक 5 किलोमीटर सड़क का निर्माण व रिपेयर करने के लिए 65 लाख रुपए खर्च करने की घोषणा की। इसके अलावा रादौर विधानसभा क्षेत्र की 25 करोड़ रुपए की लागत से सड़कों का निर्माण करने की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार की तरफ से गांव बकाना को हर साल 60 लाख रुपए का बजट विकास कार्यों के लिए दिया जाएगा। इस अवसर पर सांसद नायब सैनी, पूर्व मंत्री कर्णदेव काम्बोज भी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें:– घेवर खाने से महिला समेत 10 बच्चे बीमार