बहादुरगढ़ में गैस लीक होने चार श्रमिकों की मौत

Published On
  • दो श्रमिकों की हालत नाजुक, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच

  • सूचना मिलने पर घटना स्थल का जायजा लेने पहुंचे डीसी व एसपी

बहादुरगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। रोहद इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार दोपहर को एक कंपनी में गैस लीक होने के कारण दम घुटने से चार श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं आईसीयू में भर्ती अन्य दो श्रमिकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस टीम पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवाया। वहीं घटना स्थल का जायला लेने शक्ति सिंह और एसपी वसीम अकरम मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार, बहादुरगढ़ के गांव रोहद स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में दिल्ली के पटेल नगर निवासी हितेश नामक शख्स ने एयरोफ्लेस सीलिंग मटीरियल मेन्युफेक्चरिंग नाम से कंपनी खोली हुई है। कंपनी में इंजन की गैस किट बनाई जाती है। कंपनी में ही सफाई के लिए कई वेस्ट टैंक बनाए गए हैं। बुधवार की दोपहर कुछ कर्मचारी वेस्ट टैंक की सफाई में जुटे थे। इसी दौरान गैस लीक हो गई और दम घुटने से 6 श्रमिकों की हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में इन्हें बहादुरगढ़ के निजी अस्पताल में लाया गया। जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने चार श्रमिकों को मृत घोषित कर दिया। जबकि दो श्रमिकों की हालत नाजुक बनी हुई है।

चारों मृतक उत्तर प्रदेश के रहने वाले

जांच अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान राजबीर निवासी तिहार यूपी, अजय निवासी नवाबगंज यूपी, जगतपाल निवासी शाहजहांपुर यूपी और प्रकाश निवासी बाराबांकी यूपी के रूप में हुई है। शाहजहांपुर के मयंक और विकास की हालत नाजुक है। ये दोनों आईसीयू में भर्ती हैं। आसौदा थाने से पुलिस की टीम फैक्ट्री में मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर आकर हालातों का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।

मामले की जांच के लिए कमेटी गठित, दोषी पर होगी सख्त कार्रवाई: एसपी

डीसी शक्ति सिंह और एसपी वसीम अकरम ने कहा कि फिलहाल श्रमिकों की मौत का कारण मिथेन गैस बताया है। फैक्ट्री के वेस्ट टेंक की सफाई पिछले लंबे समय से नहीं हुई थी। गंदगी काफी समय से जमा होने के कारण वहां पर मिथेन गैस बन गई थी। इसी गैस की चपेट में श्रमिक आ गए और उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच के लिए प्रशसनिक स्तर पर भी एक टीम बनाई गई है। जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramlink din , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts