यमुना नदी में स्टीमर हादसा: सीएम मान पहुंचे जगराओं, पीड़ित परिवारों से जताई संंवेदना

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

पंजाब सरकार पीड़ित परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी: मान, हरसंभव मदद का दिया भरोसा

सीएम मान पहुंचे जगराओं, पीड़ित परिवारों से जताई संंवेदना, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी दुख व्यक्त करते हुए मदद का ऐलान किया।

  • अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा पर उठे सवाल

जगराओं (सच कहूँ/सुरेन्द्र कुमार शर्मा)। Jagraon News: भारत के उत्तर प्रदेश राज्य के मथुरा के पास यमुना नदी में हुए दिल दहला देने वाले स्टीमर हादसे ने न केवल देश बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी धार्मिक यात्राओं के दौरान सुरक्षा प्रबंधों पर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं। इस दुखद घटना में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि चार व्यक्ति अभी भी लापता हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान इस दु:खद घटना के बाद जगराओं पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिले और उनके साथ गहरा दुख साझा किया।

उन्होंने इस संकट की घड़ी में हर संभव मदद का भरोसा देते हुए कहा कि पंजाब सरकार पीड़ितों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालु वृंदावन में दर्शन करने जा रहे थे और उनका स्टीमर यमुना नदी में पलट गया। उन्होंने कहा कि इस दुखांत में कीमती जानों के नुकसान पर अत्यधिक दुख हुआ है। मेरी दिली सहानुभूति पीड़ित परिवारों के साथ है। मान ने खुलासा किया कि पंजाब सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मथुरा में बचाव कार्यों में सहायता के लिए गोताखोरों की विशेष टीमें भेजी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से लगातार संपर्क में हैं और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। यह घटना राज्यों के बीच सहयोग और मानवता की एक मजबूत मिसाल के रूप में सामने आई है, जहाँ एक राज्य ने दूसरे राज्य की संकट की घड़ी में तुरंत मदद का हाथ बढ़ाया। Jagraon News

इस हादसे ने भारत में धार्मिक स्थलों पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा किया है। मुख्यमंत्री मान ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से अपील की है कि ऐसे पवित्र स्थलों पर सुरक्षा प्रबंधों को और मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि यह जरूरी है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं की जान की रक्षा की जा सके। इस घटना को विश्व स्तर पर भी ध्यान से देखा जा रहा है, क्योंकि भारत के धार्मिक स्थल हर साल विदेशी यात्रियों और प्रवासी भारतीयों को बड़ी संख्या में आकर्षित करते हैं। ऐसे में सुरक्षा प्रबंधों की कमी न केवल जान का नुकसान करती है, बल्कि देश की छवि पर भी नकारात्मक असर डालती है।

मुख्यमंत्री मान ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मैं परमात्मा से प्रार्थना करता हूँ कि वह बिछड़ी आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दे और पीड़ित परिवारों को इस दुख को सहन करने की ताकत दे। उन्होंने दोहराया कि पंजाब सरकार हर पहलू से पीड़ितों की मदद के लिए वचनबद्ध है।

Modi sachkahoon

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी दुख व्यक्त करते हुए मदद का ऐलान किया। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मथुरा में हुए नौका हादसे में मरने वाले परिवारों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये की एक्स-ग्रेशिया राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50 हजार रुपये की मदद दी जाएगी। प्रधानमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों की शीघ्र स्वस्थता के लिए प्रार्थना की।

वृंदावन स्टीमर हादसे के शिकार पाँच मृतकों का अंतिम संस्कार | Jagraon News

जगराओं। वृंदावन की यमुना नदी में स्टीमर हादसे में शिकार हुए जगराओं के पाँच मृतकों का अंतिम संस्कार शनिवार को शमशान घाट पर किया गया। इन मृतकों को श्रद्धांजलि देने पहुंचे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पहले मृतक परिवारों के घर जाकर उनके साथ दुख साझा किया और उसके बाद शमशान घाट पर अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए। सीएम मान ने परिवारों के साथ दुख साझा करते हुए कहा कि वे इस दुख की घड़ी में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और परिवार की हर तरह की मदद करने का वादा किया।

इस दुखद घड़ी में उनके साथ लुधियाना से विधायक पराशर पप्पी, हलका दाखा के इंचार्ज एनएस कंग, जगराओं की विधायक बीबी सरबजीत कौर मानूके सहित कई राजनेता और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। इस दौरान पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजा वड़िंग की धर्मपत्नी अमृता वड़िंग, कांग्रेस के हलका इंचार्ज जगतार सिंह जग्गा, भाजपा जगराओं के अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र शर्मा सहित अन्य राजनीतिक पार्टियों के नेताओं और शहरवासियों ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए पीड़ित परिवारों के साथ संवेदनाएँ व्यक्त की। सभी ने परमात्मा से प्रार्थना की कि वे विलीन हुई आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें और परिवार को इस दुख को सहन करने का बल दें। Jagraon News

यह भी पढ़ें:– गांव ढूकड़ा लूटकांड में तीन युवक गिरफ्तार, पुलिस ने लूट के आरोपियों की निकाली परेड

About The Author

Related Posts