सीसीटीवी फुटेज में दिखे लुटेरे, पर पहचान हुई मुश्किल

Published On

 कार लूट प्रकरण को सुलझाने में जुटी तीन टीमें

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। सेना के जवान बताकर कार में लिफ्ट लेकर रास्ते में चालक को पिस्तौल दिखा कार लूटने के प्रकरण को सुलझाने में टाऊन पुलिस की तीन टीमें जुटी हैं। उप निरीक्षक अनिल कुमार, सहायक उप निरीक्षक करतार सिंह के नेतृत्व वाली टीमें नोहर, भादरा, पंजाब भेजी गई हैं जो लुटेरों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही हैं। हालांकि अभी तक पुलिस के हाथ कोई विशेष सुराग नहीं लग पाया है।

उधर, यातायात पुलिस थाने के सामने से लिफ्ट लेने वाले तीनों लुटेरों की फुटेज यातायात थाने के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में जरूर कैद हो गई है। लेकिन लुटेरों की पहचान करना मुश्किल बना हुआ है। पुलिस के अनुसार कार चालक के बताए अनुसार तीन जनों ने पगड़ी पहन रखी है तथा लिफ्ट लेकर कार में सवार होते दिख रहे हैं। मदनलाल किसी तरह हाथ-पैर खोलकर एक ट्रक की सहायता से पल्लू पुलिस थाने पहुंचा। इसके बाद देर रात पल्लू पुलिस की सहायता से टाऊन थाने पहुंच कार लूट की जानकारी दी। टाऊन पुलिस ने अज्ञात तीन जनों के खिलाफ कार लूट के आरोप में मामला दर्ज किया था।

क्या था मामला

गौरतलब है कि मदनलाल (36) पुत्र जिलेसिंह निवासी हाउसिंग बोर्ड जंक्शन गत 13 जुलाई की शाम टाऊन में ओवरब्रिज के नजदीक स्थित टैक्सी स्टैंड से कार लेकर जंक्शन के लिए रवाना हुआ। यातायात थाने के सामने खड़े तीन जनों ने इशारा कर गाड़ी रूकवाई तथा खुद को आर्मी के जवान बताते हुए जंक्शन बस स्टैंड छोड़ने की बात कही। जंक्शन बस स्टैंड पहुंचने पर तीनों ने बस निकलने की बात कही। उन्होंने चालक मदनलाल से मक्कासर तक छोड़कर आने का आग्रह किया।

मक्कासर पहुंचने से पहले तीनों में से एक जने ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल तान गोली मारने की धमकी देते हुए कार रूकवाई। इसके बाद चालक के हाथ पैर बांधकर उसे गाड़ी में पीछे बैठा लिया। लुटेरे गाड़ी को पल्लू की तरफ ले गए तथा दूधली-रतनादेसर के बीच सूनसान रास्ते पर पहुंचने पर चालक मदनलाल को पेड़ से बांध कार लेकर भाग गए।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts