हमसे जुड़े

Follow us

19.1 C
Chandigarh
Wednesday, March 18, 2026
More
    Home राज्य दिल्ली/यूपी महाअधिवेशन मे...

    महाअधिवेशन में बोले राहुल गांधी, ‘किसान मर रहे हैं लेकिन मोदी जी कहते हैं योगा करो’

    BJP, Spreading, Rahul Gandhi, Congress, Narendra Modi

    नई दिल्ली (एजेंसी)। कांग्रेस पार्टी के 84वें महाधिवेशन का आज अंतिम दिन है। दिल्ली में आयोजित महाधिवेशन को आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हजारों साल पहले कुरुक्षेत्र के मैदान में भीषण युद्ध हुआ था। कौरव उस समय अपने आप को मजबूत समझते थे। पांडव संख्या में कम थे लेकिन काफी विनम्र थे और पांडव सत्य के लिए लड़े। उन्होंने आरएसएस और बीजेपी को कौरव बताया और कांग्रेस को पांडव बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सच्चाई का संगठन है और पार्टी हमेशा सत्य के लिए लड़ती है।

    उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग नफरत फैलाते हैं। लेकिन कांग्रेस सच्चाई के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सत्ता के मद में चूर है। इसलिए कांग्रेस की लड़ाई पांडवों की तरह है। बीजेपी एक संगठन की आवाज है, लेकिन कांग्रेस देश की आवाज है। उन्होंने गांधी का भी जिक्र किया और कहा कि उन्होंने देश के लिए अपनी जान दे दी। उन्होंने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इस सरकार में लोगों की खुशियां छिन गई हैं। उन्होंने अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के अध्यक्ष हत्या के आरोपी हैं।

    भ्रष्टाचार और पॉवरफुल लोगों के हाथ में सत्ता

    राहुल गांधी ने कहा, ‘भ्रष्टाचारी और पावरफुल लोग इस देश को चला रहे हैं। जहां भी जाओ कहते हैं कि भारत आगे बढ़ रहा है तेजी से, लेकिन युवाओं से पूछने पर बताते हैं कि हमारे पास रोजगार नहीं है, इसलिए हम कुछ नहीं करते। उन्होंने कहा कि यही हिंदुस्तान की सच्चाई है कि यहां के युवा बेरोजगार हैं। उन्होंने चीन का जिक्र करते हुए कहा कि चीन आज हर जगह हैं चाहे वो कोई दुकान हो, डोकलाम हो या पाकिस्तान हर जगह चीन का वर्चस्व है।

    राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने सत्ता में आने से पहले बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन धरातल पर वो कुछ नहीं कर पाए। लेकिन हमारे पीएम आवाज उठाने पर मुद्दों से भटकाते हैं। जैसे ही कोई सवाल उठाता है तो पीएम कहते हैं कि चलो योगा करते हैं। किसान मर रहे हैं, लेकिन पीएम हमें योगा कराते हैं। हमें सच बोलने से कोई नहीं रोक सकता। कांग्रेस में हम जनता के सेवक हैं। उन्होंने दलितों को पीटने का भी मुद्दा उठाया और कहा कि इस सरकार में दलितों पर काफी अत्याचार हो रहा है।