भंडार गृह के पास हुई वारदात, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
हनुमानगढ़। गोगामेड़ी में गोगाजी मंदिर घूमने आए एक परिवार की वृद्धा के गले से अज्ञात महिलाओं की ओर से सोने की चेन चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गोगामेड़ी पुलिस थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार हिसार (हरियाणा) के सेक्टर 14 निवासी संजय कुमार (32) पुत्र नरेंद्र सिंह ने थाना में उपस्थित होकर रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि वह अपने परिवार के साथ गोगामेड़ी आया था। बाद में वह अपनी दादी सावित्री देवी के साथ भंडार गृह में आटा और शक्कर चढ़ाने गया था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य थोड़ी दूरी पर खड़े थे। Hanumangarh News
इसी दौरान भंडार गृह की जालियों के पास कुछ अज्ञात महिलाओं ने मौका पाकर उसकी दादी सावित्री देवी के गले से सोने की चेन तोड़कर चोरी कर ली। घटना का पता चलने पर परिवार ने आसपास तलाश की, लेकिन आरोपितों का कोई पता नहीं चल पाया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक गजानंद कर रहे हैं। पुलिस की ओर से अज्ञात आरोपितों की तलाश की जा रही है।
अस्पताल में दवाई लेने आए युवक की जेब कटी | Hanumangarh News
हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय जिला अस्पताल में दवाई लेने पहुंचे एक युवक की जेब से अज्ञात व्यक्ति की ओर से 20 हजार रुपए और जरूरी दस्तावेज चोरी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में टाउन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार चक 51000 आरडी जाखड़ांवाली पीएस पीलीबंगा निवासी नरेंद्र कुमार (30) पुत्र बलवंत जाट ने थाना में उपस्थित होकर रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि वह 27 जनवरी को दोपहर करीब 1 बजे टाउन स्थित महात्मा गांधी स्मृति राजकीय जिला अस्पताल में डीसी नंबर 3 पर दवाई लेने के लिए लाइन में खड़ा था।
इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी जेब से 20 हजार रुपए नकद तथा आधार कार्ड और पैन कार्ड निकाल लिए। घटना का पता चलने के बाद पीड़ित ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन नकदी व दस्तावेजों का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई राजवीर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।
युवक से मोबाइल छीनकर हुए फरार | Hanumangarh News
हनुमानगढ़। टाउन की नई आबादी क्षेत्र में एक युवक से मोबाइल फोन छीनकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर टाउन पुलिस थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 8, चक 14 एसएसडब्ल्यू, कोहला निवासी संजय कुमार (26) पुत्र मनीराम जाट ने थाना में उपस्थित होकर रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि उसके पास वीवो वाई-17 मोबाइल फोन था। पीड़ित ने बताया कि 9 मार्च को दोपहर करीब 12.35 बजे वह टाउन की नई आबादी गली नंबर 5 में अपनी बाइक के पास खड़ा होकर फोन पर बात कर रहा था।
इसी दौरान काले रंग की स्प्लेंडर मोटर साइकिल पर सवार रामू उर्फ बाबू और एक अन्य युवक वहां पहुंचे और उससे मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई रामकुमार को सौंपी गई है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है। Hanumangarh News















